मधुपुर/ Md. Aslam शहर के रेलवे बैडमिंटन हॉल में रविवार को हाड़ी जाति के संवैधानिक अधिकारों की पूर्ति को लेकर अखिल भारतीय हाड़ी संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में एक दिवसीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गुलाबचंद्र हरि ने की. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाड़ी समाज को संविधान प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए संगठित प्रयासों को मजबूती देना रहा.

महासम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष धुर्वे कुमार हाडी, केंद्रीय अध्यक्ष अशोक राम, केंद्रीय सचिव अनिल हाडी, केंद्रीय सलाहकार मंत्री राजेश हाडी, केंद्रीय संगठन मंत्री लखन हाडी तथा केंद्रीय महासचिव भोलानाथ हरी ने संयुक्त रूप से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया. सम्मेलन में हाड़ी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि हाड़ी जाति को संविधान में प्रदत्त अधिकारों का लाभ अब तक पूरी तरह नहीं मिल पाया है. शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, राजनीतिक भागीदारी और सरकारी योजनाओं तक समान पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि हाड़ी समाज को अनुसूचित जाति से संबंधित सभी सुविधाएं और लाभ पूरी तरह उपलब्ध कराए जाएं, ताकि समाज मुख्यधारा से जुड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ सके.
कार्यक्रम के दौरान संगठन को सशक्त बनाने, समाज में आपसी एकजुटता बढ़ाने तथा अधिकारों की लड़ाई को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से तेज करने पर विशेष जोर दिया गया. वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की.
महासम्मेलन के अंत में उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण, संगठित और संवैधानिक आंदोलन के माध्यम से अपने हक और अधिकारों की लड़ाई निरंतर जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया.

