मधुपुर/ Md Aslam झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मधुपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष फैय्याज कैसर ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी पर नगर निकाय चुनाव को लेकर जनता को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही अधिसूचना जारी होने वाली है, तब भाजपा का अचानक आंदोलन करना कई सवाल खड़े करता है.

फैय्याज कैसर ने कहा कि भाजपा के नेता 6 जनवरी से नगर निकाय चुनाव को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं और हेमंत सोरेन सरकार पर चुनाव नहीं कराने का आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पिछले तीन वर्षों से चुनाव नहीं हुए, तो इस दौरान भाजपा क्या कर रही थी. अब जब चुनाव की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है, तब जनता के बीच झूठा भ्रम फैलाया जा रहा है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बहुत जल्द यह साफ हो जाएगा कि कौन प्रत्याशी किस वार्ड से चुनाव लड़ेगा, आरक्षण की स्थिति क्या होगी और पूरी चुनावी प्रक्रिया किस प्रकार से आगे बढ़ेगी. ऐसे में भाजपा द्वारा यह कहना कि सरकार चुनाव नहीं कराना चाहती, पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक साजिश है.
कांग्रेस नेता ने मधुपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के बहकावे में न आएं. नगर निकाय चुनाव बहुत जल्द होने वाले हैं और भाजपा केवल झूठे आंसू बहाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. फैय्याज कैसर ने यह भी कहा कि भाजपा की मानसिकता हमेशा नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर कराने की रही है, जबकि वर्तमान सरकार जनहित और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मधुपुर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं. नाला निर्माण, बिजली के खंभे और केबल, पेंशन योजना तथा ‘मंईयां सम्मान योजना’ जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं इसका प्रमाण हैं. अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा को मधुपुर में हो रहे विकास कार्य नजर नहीं आते. झूठे आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की यह कोशिश मधुपुर की जागरूक जनता कभी सफल नहीं होने देगी.

