मधुपुर/ Md. Aslam

थाना क्षेत्र के लालगढ़ मोहल्ला में मंगलवार को घरेलू विवाद से परेशान एक 30 वर्षीय विवाहिता द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है. जहर खाने के कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा- तफरी मच गई. परिजनों ने आनन- फानन में महिला को मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया.
चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई थी, जिसके कारण बेहतर और विशेष इलाज के लिए उसे देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल जाने से महिला की जान बचाई जा सकी, हालांकि उसकी हालत अभी भी गंभीर और चिंताजनक बनी हुई है. देवघर सदर अस्पताल में महिला का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है.
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में घरेलू आपसी विवाद को विषपान का कारण बताया जा रहा है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने किन परिस्थितियों में और किस प्रकार का विषाक्त पदार्थ सेवन किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है.

