मधुपुर/ Md. Aslam शहर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिसमस पर्व पूरे श्रद्धा, हर्षोल्लास और उल्लास के साथ मनाया गया. प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव के अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के विभिन्न गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ईसाई धर्मावलंबियों ने सहभागिता की. क्रिसमस के मौके पर शहर के कुंडू बंगला स्थित सीएनआई चर्च, भेड़वा स्थित पीएच मिशन चर्च, लॉर्ड सिंहा रोड स्थित संत जोसेफ कैथलिक चर्च, राजबाड़ी रोड स्थित संत कोलंबस चर्च, शालोम चर्च, कारमेल चर्च सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कई गिरजाघरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया. रंग-बिरंगी रोशनियों, क्रिसमस ट्री, सितारों और धार्मिक प्रतीकों से सजे गिरजाघरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा.

गुरुवार को आयोजित विशेष प्रार्थना सभाओं में देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, सद्भाव और खुशहाली की कामना की गई. इसके बाद प्रभु यीशु के आगमन की खुशी में भजन-कीर्तन और क्रिसमस गीत गाए गए. बच्चों और युवाओं में क्रिसमस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक प्रार्थनाओं ने पर्व की गरिमा को और बढ़ा दिया.
संत कोलंबस गिरजाघर के पास्टर अजय सिंह ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु का जन्म दाऊद के नगर में आधी रात के सन्नाटे और अंधकार के बीच हुआ, ताकि संसार के अंधकार को दूर किया जा सके. उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का संपूर्ण जीवन प्रेम, शांति, त्याग और करुणा का अनुपम संदेश देता है, जिसे अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है.
वहीं पास्टर राणु सिंह ने कहा कि मसीह के रूप में प्रभु यीशु का आगमन मानव जाति के लिए शुभ समाचार है. उन्होंने कहा कि स्वर्गदूत के संदेश के अनुसार डरने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उद्धारकर्ता का जन्म हो चुका है. क्रिसमस पर्व मानवता, सेवा, प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश देता है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए.
इस अवसर पर संत कोलंबस चर्च के सचिव अजय कुमार, राजू मसीह, मोनू हेंब्रम, राहुल, आलोक, श्रुटी, मानिक, संजीत मंडल, संताणु मंडल उर्फ भानु, खुशी, पीटर, राजा, बापी, समाजसेवी पवन यादव उर्फ पप्पु यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. वहीं सीएनआई चर्च में अध्यक्ष त्रिमूर्ति मुर्मू, सचिव संजय मुर्मू उर्फ गुड्डू, कोषाध्यक्ष गौड मल्लिक समेत सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रार्थना सभा में भाग लिया.
क्रिसमस पर्व के अवसर पर पूरे मधुपुर क्षेत्र में उत्सव, भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा. शांति और प्रेम का संदेश देता यह पर्व शहरी और ग्रामीण इलाकों में सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया.

