लोहरदगा: जिले के भंडरा प्रखंड के पलमी स्थित संत मेरी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले आठ वर्षीय छात्र प्रिंस उरांव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. छात्र के पिता सुकरा उरांव ने आरोप लगाया है कि स्कूल की शिक्षिका कांति किरण किंडो ने उनके पुत्र की बेरहमी से पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

मसमानो गांव निवासी सुकरा उरांव ने भंडरा थाना पुलिस को आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र प्रिंस उरांव यूकेजी कक्षा में पढ़ता है और छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है. 20 अगस्त को पढ़ाई के दौरान शिक्षिका ने उसे कार्यालय में बुलाया और विद्यालय की घटनाओं को स्वजनों तक पहुंचाने की बात कहते हुए डंडे से पिटाई कर दी. पिटाई में छात्र का दाहिना पैर और बाएं हाथ की एक उंगली टूट गई.
पीड़ित छात्र ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी स्वजनों को दी. इसके बाद छात्र के पिता ने थाना में आवेदन देकर आरोपी शिक्षिका पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. भंडरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इधर, संत मेरी पब्लिक स्कूल के निदेशक जय इशू मिंज ने शिक्षिका पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में किसी प्रकार की मारपीट की घटना नहीं हुई है और लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं.

