Lohardaga news jharkhand लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के कोटा गांव में बीती रात हथियारबंद नकाबपोशों ने एक घर में धावा बोलकर नगद रुपये, जेवरात और वर्तन सहित लाखों की संपत्ति लूट ली. वारदात से गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित दशरथ उरांव ने बताया कि रविवार की देर रात करीब 1:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो चुके थे, तभी दरवाजा खुलने की आवाज सुनाई दी. बाहर निकलते ही चार नकाबपोश हथियारबंद युवक घर में घुस आए. विरोध करने पर अपराधियों ने दशरथ उरांव की कनपटी पर हथियार सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी.
लुटेरों ने परिवार के सदस्यों से मारपीट की और दशरथ उरांव व उनकी पत्नी के हाथ बांध दिए. ऊपर सो रही बेटियों को कमरे में बंद कर दिया गया. इसके बाद चारों बदमाशों ने बेडरूम में रखे गोदरेज और बक्सा तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद, लाखों के सोने-चांदी के जेवर, काशा के बर्तन और किराना दुकान से पेट्रोल के 10 लीटर डिब्बे तक लूट लिए.
दशरथ उरांव ने बताया कि कुछ दिन पहले घर के मरम्मत कार्य के लिए बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे, जबकि 40 हजार रुपये दुकान की बिक्री की रकम थी. घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां थीं. घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है.
भंडरा थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. गांव में इस वारदात को लेकर तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग रात में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
