लोहरदगा: जिले के किस्को थाना क्षेत्र अंतर्गत पाखर बॉक्साइट माइंस में बॉक्साइट लदे ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को माइंस क्षेत्र में रखकर लगभग 30 घंटे तक प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के कारण ट्रकों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

ग्रामीणों ने हिंडाल्को कंपनी से मृतका के परिवार को उचित मुआवजा, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की. स्थिति बिगड़ता देख किस्को प्रखंड के अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और हिंडाल्को कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की.
इस दौरान कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी पाखर माइंस पहुंचे. जेएलकेएम नेता कृष्णा चिक बड़ाइक और झामुमो की नीरू शांति भगत ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग की. सड़क हादसे में मृतका की पहचान पाखर के सलैया कांसी टांड निवासी बासु नगेसिया की पत्नी शांति नगेसिया के रूप में हुई है. परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे और प्रशासन व कंपनी से ठोस आश्वासन की मांग करते रहे.
अंततः प्रशासन, हिंडाल्को कंपनी, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच संयुक्त वार्ता के बाद समझौता हो गया. किस्को सीओ अजय कुमार, थाना प्रभारी मानस कुमार साधू, हिंडाल्को के अधिकारी और आदर्श मोटर परिवहन सहयोग समिति लिमिटेड किस्को लोहरदगा के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तय हुआ कि मृतका के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी और बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी भी कंपनी उठाएगी. लिखित सहमति के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और जाम हटा लिया गया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
