लोहरदगा: जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरांग बरटोली गांव में डायन- बिसाही के आरोप में हुई तीन लोगों की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

बुधवार की रात गांव में पति, पत्नी और उनके 9 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतकों की पहचान बिफनी नगेसिया, उनके पति लक्ष्मण नगेसिया और बेटे रामविलास नगेसिया के रूप में की गई थी. हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल था.
एसपी रिजवी ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया. टीम ने सघन छापेमारी कर गांव के ही तीन आरोपियों सुखनाथ नगेसिया, बिंदेश्वर नगेसिया और संचारवा नगेसिया को गिरफ्तार कर लिया. तीनों बरटोली गांव के ही निवासी हैं.
पुलिस ने उनके निशानदेही पर खून से सने कपड़े, पत्थर, कुदाल और बल्ला बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल हत्या में किया गया था. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है.
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुखनाथ नगेसिया को मृतका बिफनी नगेसिया पर शक था कि उसके ओझा- गुनी के कारण उसकी पत्नी का गर्भपात हुआ और वह बीमार रहती है. वहीं बिंदेश्वर नगेसिया को भी यही भ्रम था कि उसकी मां की बीमारी का कारण बिफनी है. इन अंधविश्वासों के चलते दोनों ने संचारवा नगेसिया की मदद से मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
इस घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है. रांची हाईकोर्ट ने भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है और राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र ही चार्जशीट दाखिल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
