लोहरदगा: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जेजेएमपी नक्सली संगठन से जुड़े दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इस कार्रवाई को जिले में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि हेसवे बाजारटोली निवासी नसीम अंसारी जे जे एम पी नक्सली संगठन का समर्थक है और उसके पास अवैध हथियार व गोलियां छुपाकर रखी गई हैं. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नसीम अंसारी और श्यामलाल यादव को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर साके पहाड़ इलाके में छुपाकर रखे गए हथियारों का भंडार बरामद किया गया. बरामद सामान में 7.65 एमएम के दो पिस्टल, इंसास राइफल के 82 जिंदा कारतूस तथा 0.315 बोर के 3 जिंदा कारतूस शामिल हैं. सभी हथियारों और कारतूस को विधिवत जब्त कर लिया गया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी नक्सली संगठन के लिए हथियार रखने और छुपाने का काम कर रहे थे. उनसे संगठन के नेटवर्क, संपर्कों और अन्य संभावित ठिकानों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इससे नक्सली संगठन से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों का भी पता लगाया जा सकेगा.
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल बना है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
