सरायकेला/ Pramod Singh जिला जेल परिसर में रविवार को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता एवं चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया.

यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा सरायकेला रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम में डालसा सचिव सत्येंद्र कुमार महतो, जिला जेल अधीक्षक, चिकित्सा पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जेल कर्मी, न्यायालय कर्मी और बड़ी संख्या में जेल बंदी उपस्थित रहे.
डालसा सचिव ने बताया कि जेल अदालत का आयोजन प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को किया जाता है, जिसका उद्देश्य बंदियों को त्वरित न्याय, कानूनी सहायता और जागरूकता प्रदान करना है. उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया.
चिकित्सा जांच शिविर में बंदियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं. जेल प्रशासन ने इस पहल को बंदियों के कानूनी, मानसिक और शारीरिक कल्याण के लिए उपयोगी बताया.

