पटना: 23वें भारत- रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय सैंड और लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कला के माध्यम से दोनों देशों की दोस्ती का प्रतीकात्मक स्वागत किया है. उन्होंने मात्र 3 सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते पर बेहद सूक्ष्म कलाकृति उकेर कर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वागत का दृश्य प्रस्तुत किया है.

इस विशेष लीफ आर्ट में भारत और रूस के राष्ट्रीय ध्वज के साथ “Long Live Friendship” और “Welcome to India” जैसे संदेश भी अंकित किए गए हैं. करीब 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तैयार की गई यह कलाकृति भारत- रूस संबंधों की गहराई और मजबूती को दर्शाती है.
मधुरेंद्र कुमार की यह रचना उनके करियर की 10,000वीं लीफ आर्ट है, जो उनके लंबे समय से चले आ रहे समर्पण और रचनात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है. उन्होंने इसे भारत और रूस की ऐतिहासिक मित्रता को समर्पित किया है.
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके मधुरेंद्र कुमार पत्ता कला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, राष्ट्रीय मुद्दों और वैश्विक घटनाओं पर संदेश देने के लिए जाने जाते हैं. उनकी कलाकृतियां बारीकी, धैर्य और मजबूत भावनात्मक अभिव्यक्ति के लिए सराही जाती हैं.

