लातेहार: झारखंड सरकार की उग्रवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति तथा झारखंड पुलिस की पहल “नई दिशा” के तहत लातेहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जे.जे.एम.पी.) के नौ सक्रिय शीर्ष कमांडरों ने सोमवार को लातेहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया.

आत्मसमर्पण करने वालों में पांच पर कुल 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था. इनमें सबसे बड़ा नाम जोनल कमांडर रविंद्र यादव का है जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम था और उस पर 14 मामले दर्ज थे. उसने दो एके-47, तीन राइफल और 1241 कारतूस के साथ आत्मसमर्पण किया. इसी तरह सब-जोनल कमांडर अखिलेश रविंद्र यादव पर भी पांच लाख रुपये का इनाम था. उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज थे और उसने एक एके-47 तथा 256 कारतूस पुलिस को सौंपे.
सब-जोनल कमांडर बलदेव गंझू (पांच लाख इनामी, नौ मामले दर्ज), सब-जोनल कमांडर मुकेश राम यादव (पांच लाख इनामी, 21 मामले दर्ज), सब-जोनल कमांडर पवन उर्फ राम प्रसाद (तीन लाख इनामी, तीन मामले दर्ज, एक राइफल बरामद) ने भी आत्मसमर्पण किया. वहीं एरिया कमांडर ध्रुव (तीन मामले दर्ज, एक राइफल), विजय यादव (दो मामले दर्ज, एक राइफल), श्रवण सिंह (दो मामले दर्ज, एक एके-47, एक राइफल और 131 कारतूस) और मुकेश गंझू (दो मामले दर्ज, एक एके-47 राइफल और 154 कारतूस) ने भी हथियार डाल दिए.
इन सभी ने सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार सिंह, आईजी माईकल राज एस, पलामू रेंज के आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी नवसाद आलम और लातेहार एसपी कुमार गौरव की उपस्थिति में आत्मसमर्पण किया. इस दौरान पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों ने एक एके-56, चार एके-47 समेत भारी मात्रा में राइफल और गोलियां जमा की हैं.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस आत्मसमर्पण से लातेहार जिले से जे.जे.एम.पी. संगठन का पूरी तरह सफाया हो गया है. इससे जिले में शांति बहाली और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
