चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड जनरेशन सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को विशेष बैठक का आयोजन किया गया. यह बैठक कुकड़ू प्रखंड सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने की.

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा प्रभारी डॉ हरेंद्र सिंह मुंडा सहित प्रखंड के सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
इस दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई और अब तक वंचित पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने को लेकर रणनीति तय की गई.

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों का आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंदों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 20 जनवरी 2026 से आयुष्मान कार्ड जनरेशन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा.
इस अभियान के तहत पंचायत और ग्रामीण स्तर पर प्रज्ञा केंद्रों द्वारा शिविर लगाकर पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा. साथ ही गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योजना की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया. बैठक में उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करने का आश्वासन दिया.

