सरायकेला: आदिवासी कुड़मी समाज द्वारा 20 सितम्बर, 2025 को समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर रेल परिचालन बाधित करने और रेल रोको आंदोलन की घोषणा के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है.

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने कहा कि कानून- व्यवस्था और शांति बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की सलाह दी गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा हिंसक आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने भी जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों में न आएं और शांति बनाए रखें. उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह तैयार है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
जिला प्रशासन ने बताया कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे, परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन के साथ सतत समन्वय स्थापित कर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और शांति बनी रहे.

