कुचाई: रविवार को विकास भारती द्वारा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से चलाए गए किसानों के व्यापक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ. इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उद्यमिता विकास और खाद्य प्रसंस्करण जैसी बहु-कौशल क्षमताओं से सशक्त बनाना, उनकी आय बढ़ाना तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था.

अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बिदरी केंद्र (पंचायत तिलोपाड़ा) और बंदोलोहर केंद्र (पंचायत बंदोलोहर) प्रखंड कुचाई में आयोजित किया गया. इसमें कुल 270 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो कुचाई, मरांघाटु, जोवाजांजीर, रामैसल, गोगामर्चा, बंदोलोहर, पगारडी, गोपीडीह, डांगो और बड़ा चकड़ी समेत कई गांवों से आए थे.
प्रमाणपत्र वितरण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बीडीओ साधु चरण देवगाम, सेगाई पंचायत की मुखिया श्रीमती लुदरी सोय, जिप सदस्य श्रीमती जिंगी हेम्ब्रम, आदित्यपुर नगर निगम के निवर्तमान डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय महतो, कुणाल झा और सुब्रत सेन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

इस अवसर पर अतिथियों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में कौशल विकास की भूमिका पर प्रकाश डाला और किसानों को अपने सीखे हुए कौशलों का उपयोग कर स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, मिट्टी परीक्षण और प्रखंड स्तर पर सही कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई.
विकास भारती ने NSDC के प्रति आभार जताते हुए ग्रामीण समुदाय को कौशल प्रशिक्षण, नवाचार एवं आजीविका के अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई. यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर गांवों और कौशल-आधारित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ.

