चाईबासा/ Jayant Pramanik कोल्हान विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार ने 148 गोल्ड मेडलिस्ट, 4 बेस्ट ग्रेजुएट मेडल और 79 पीएचडी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को मेडल व उपाधि प्रदान की.

समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उपाधि के साथ नई जिम्मेदारी भी मिलती है और सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है. उन्होंने कहा कि ईमानदार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्यों के प्रति समर्पण ही जीवन में ऊंचाई दिलाता है.
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों के नियमित सत्र संचालन और प्रोफेसर नियुक्ति में आ रही चुनौतियों को दूर करने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही. साथ ही विद्यार्थियों से अपील की कि वे देश-विदेश में जहां भी आगे बढ़ें, झारखंड की पहचान, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को गर्व के साथ प्रस्तुत करें.
उपाधि और मेडल प्राप्त कर विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और बेहतर भविष्य निर्माण का संकल्प दोहराया.

