जमशेदपुर: सोमवार को हुए बारिश के बाद पूरे कोल्हान में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालांकि पिछले दस दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और शाम कनकनी बढ़ गई है और रात के समय ठंड और अधिक सताने लगी है.

साकची, बिस्टुपुर, मानगो, कदमा, जुगसलाई और टाटानगर स्टेशन सहित शहर के विभिन्न इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं.
देर रात तक चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास मजदूर, रिक्शा चालक, फेरीवाले और राहगीर अलाव के इर्द- गिर्द जुटकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, ग्रामीण इलाकों में भी स्थिति कुछ अलग नहीं है. गांवों में लोग घरों के बाहर लकड़ी और उपलों का अलाव जलाकर ठिठुरन से बचने का प्रयास कर रहे हैं.
ठंड के बढ़ते प्रकोप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी हो रही है. लोग गर्म कपड़ों, कंबल और अलाव के सहारे किसी तरह दिन और रात गुजार रहे हैं.

