कोडरमा: जिले के नवलशाही पुलिस ने मंदिर और स्कूल से लेकर दर्जनों घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने 7 चोरों को गिरफ्तार किया है और इनके पास से चोरी की कार, ऑटो, पिकअप वैन समेत चोरी के 7 मोटरसाइकिल, साउंड सिस्टम, भारी मात्रा में बैटरी, पीतल के बर्तन, चांदी के आभूषण, मंदिर से चुराई गई घंटी और स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र से चुराया गया गैस सिलेंडर, चूल्हा और बर्तन बरामद किया है.


इसके अलावा पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी में इस्तेमाल करने वाले कई औजार भी बरामद किए हैं. पिछले दो महीने से यह गिरोह पूरे जिले में सक्रिय था और कोडरमा, तिलैया, मरकच्चो, नवलशाही और जयनगर में कई घरों, स्कूल, मंदिर और आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी.
पुलिस ने संभावित इलाकों में गश्ती बढ़ाई और नवलशाही थाना क्षेत्र के खटोलिया माइंस के पास पुलिस गश्ती को देखकर भागते हुए तीन संदिग्ध पकड़े गए. पूछताछ में अलग-अलग थाना क्षेत्र में चोरी के मामले खुलने लगे और पुलिस एक के बाद एक 7 चोरों तक पहुंच गई. पुलिस ने चोरी किए गए सामानों के अलावा तकरीबन 38000 रुपये नगद भी बरामद किए हैं.

नवलशाही थाने में मामले की जानकारी देते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि इस गिरोह का उद्भेदन पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है. चोरी की बढ़ रही घटनाओं के मद्देनजर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनाकर छापेमारी की गई और चोरों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है. उन्होंने कहा कि अभी भी इस गिरोह के कई सदस्य पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी और चोरी किए गए अन्य सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
