कोडरमा: जिले में एक सितंबर को निलंबित पुलिस जवान मंसूर आलम द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक की पत्नी जैनव बीबी के लिखित आवेदन के आधार पर चंदवारा थाना में जयनगर थाना प्रभारी बबलू सिंह, डोमचांच थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव, जयनगर थाना के एएसआई अरविंद हांसदा और सपही पिकेट प्रभारी रमेश मरांडी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. इन सभी पर निलंबित सिपाही मंसूर आलम को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है.

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पूर्व मंसूर आलम ने एक वीडियो जारी कर उक्त अधिकारियों पर गलत आरोप लगाकर उन्हें निलंबित करवाने का आरोप लगाया था. मृतक की पत्नी का कहना है कि निलंबन अवधि के दौरान उनके पति को आधी वेतन मिलनी चाहिए थी, परंतु उनका वेतन पूरी तरह बंद कर दिया गया था. इसी कारण मानसिक तनाव में आकर मंसूर आलम ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी.
घटना के बाद पुलिस मेन्स एसोसिएशन हरकत में आई और एसपी अनुदीप सिंह से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. मृतक की पत्नी द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद चंदवारा थाना में चारों पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर चारों पुलिसकर्मियों पर आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

इस बीच, पुलिसिया कार्रवाई को लेकर झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने नाराजगी जाहिर की है. एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रहमान खान ने कहा कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता है. उन्होंने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों को अभी तक निलंबित नहीं किया गया है, जो मृतक परिवार के साथ अन्याय है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो डीजीपी अनुराग गुप्ता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
