कोडरमा: जिले के डोमचांच प्रखंड के नवलशाही स्थित विंडोमोह बिरहोर टोला निवासी 12 वर्षीय दीपक बिरहोर को जहरीले सांप के काट लेने के बाद जिंदगी और मौत से जूझते हुए सोशल मीडिया पर वायरल खबर ने आखिरकार सरकार और प्रशासन को सक्रिय कर दिया.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को एक एक्स यूजर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग कर ट्वीट किया था. इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कोडरमा उपायुक्त को निर्देश दिया कि पीड़ित बालक के स्वास्थ्य की देखभाल की जाए और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए.निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और डोमचांच के बीडीओ तथा सीओ रविवार देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. वहां से दीपक को एंबुलेंस से कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

उपायुक्त ने मुख्यमंत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए एक्स पर जानकारी साझा की कि पीड़ित बालक को तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया गया है और अस्पताल प्रबंधन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही संबंधित योजनाओं के अंतर्गत पीड़ित को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
बता दें कि दीपक 1 सितंबर को घर के पास जंगल में बगुले का शिकार करने गया था, तभी उसे सांप ने काट लिया. पहले उसे रांची रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन सुधार नहीं होने पर परिवारजन उसे घर ले आए थे. लगातार बिगड़ती हालत ने परिजनों को चिंतित कर दिया था, हालांकि अब जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
