कोडरमा: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रचार वाहन लूटकांड का जिला पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया प्रचार वाहन रामगढ़ के मांडू से बरामद कर लिया है. शनिवार को प्रचार के दौरान चार अज्ञात अपराधियों ने वाहन के चालक और खलासी के साथ मारपीट कर वाहन लूट लिया था.

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामगढ़ में छापेमारी की गई. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कोडरमा के लखिबागी निवासी संदीप कुमार, दिलीप कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है. सभी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एसपी ने बताया कि महज आठ घंटे में मामले का उद्भेदन करने पर पुलिस पदाधिकारियों को 1500 रुपए और पुलिसकर्मियों को 1000 रुपए नगद देकर सम्मानित किया गया है.

