कोडरमा: जिले के गड़ीयाई बिरहोर टोला से लापता हुए 10 बिरहोर बच्चों को पुलिस ने आठ दिनों बाद गयाजी बिहार से सकुशल बरामद कर लिया है. सभी बच्चों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कोडरमा लाया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को 10 बच्चे अपने परिजनों के साथ मुन्ना मोदी के यहां भोज में शामिल होने गए थे. भोज के बाद बच्चे घर नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद 6 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
मामले की जानकारी मिलते ही कोडरमा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बच्चे भोज के बाद परसाबाद स्टेशन पहुंच गए थे और वहां से ट्रेन पकड़कर कुछ बच्चे गयाजी बिहार स्टेशन उतर गए. कोडरमा पुलिस ने 60 रेलवे स्टेशनों से संपर्क कर खोजबीन की. इसी क्रम में गयाजी के चाइल्ड होम से सूचना मिली कि 10 बच्चों को गया पुलिस द्वारा सुरक्षित रखा गया है. इसके बाद कोडरमा पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी गया पहुंचे और बच्चों की पहचान उनके माता- पिता से करवाई गई.
सरकारी दिशा- निर्देश के अनुसार तीन बच्चियों को नवादा महिला बाल गृह, दो बच्चों को औरंगाबाद बाल गृह तथा पांच छोटे बच्चों को गया बालगृह में रखा गया था. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी बच्चों को सकुशल कोडरमा लाया गया है. बताया गया कि विधिक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

