कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना अंतर्गत रांची- पटना मुख्य मार्ग (एनएच-20) पर जामूखांडी के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां राजनंदनी नामक एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस हजारीबाग से यात्रियों को लेकर बरही होते हुए झुमरीतिलैया आ रही थी. इसी बीच जब बस जवाहर घाटी पार कर जामूखांडी के पास पहुंची, तभी उसका पिछला टायर अचानक फट गया. इसके कारण बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां सभी का इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि घायलों में एक की स्थिति अत्यंत गंभीर है. इधर घटना के बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया. बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश यात्री कोडरमा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे.

