कोडरमा: झारखंड एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले कोडरमा सदर अस्पताल में तैनात 108 एंबुलेंस चालकों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है. इसके चलते 108 एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं.

बताया गया कि एंबुलेंस चालकों ने 22 जुलाई को एकदिवसीय धरना देकर अपनी मांगों पर 27 जुलाई तक कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन जब कोई पहल नहीं हुई, तो तय कार्यक्रम के अनुसार चालकों ने हड़ताल की घोषणा कर दी.
हड़ताल के पहले दिन सदर अस्पताल परिसर में चालकों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. प्रदर्शनकारी कर्मियों ने बताया कि समाधान फाउंडेशन के तहत 108 एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है. लेकिन संस्था मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण कर रही है. कर्मचारियों से 12-12 घंटे ड्यूटी कराई जाती है. लेकिन वेतन में कटौती की जाती है और सरकारी सुविधा का कोई लाभ नहीं दिया जाता. एम्बुलेंस चालकों का आरोप है कि अवकाश मांगने या शिकायत करने पर संस्था के अधिकारी दुर्व्यवहार करते हैं. साथ ही हर साल नई संस्था आकर पुराने कर्मचारियों का बकाया वेतन लेकर गायब हो जाती है. एंबुलेंस कर्मियों की मांग है कि उनकी बहाली और वेतन का भुगतान राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) के तहत किया जाए. ताकि सालभर नियमित वेतन मिल सके और उनका शोषण बंद हो.

