चाईबासा: जिले के खुंटपानी प्रखंड के पुरुनिया पंचायत में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) धनंजय पाठक पहुंचे और ग्रामीणों से विकास योजनाओं को लेकर बातचीत की. विदित हो कि हाल ही में ग्रामीणों ने उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम को 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु लिखित शिकायत दी थी.

BDO ने गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और माना कि पुरुनिया पंचायत विकास के मामले में सबसे पिछड़ा हुआ है. उन्होंने बताया कि कई बार पंचायत मुखिया को नोटिफिकेशन जारी किया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला. इस पर उन्होंने पंचायत सचिव को एक सप्ताह के भीतर योजनाओं का पूरा डाटा तैयार करने का निर्देश दिया.
ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्य न होने से लोगों में असंतोष है और मुखिया की चुप्पी संदिग्ध प्रतीत होती है. BDO ने आश्वासन दिया कि सभी योजनाओं की जांच की जाएगी और अगली बैठक 7 या 8 अक्टूबर को आयोजित होगी, जिसमें मुखिया की उपस्थिति अनिवार्य होगी.

मौके पर खुंटपानी के प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा भी मौजूद रहे. उन्होंने BDO के साथ कला एवं सांस्कृतिक भवन का निरीक्षण किया, जहां लाइब्रेरी खोलने का प्रस्ताव रखा गया है. BDO ने जल्द भवन निर्माण का कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया. इस पहल से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है.
बैठक की अध्यक्षता अयोध्या पीड़ के मानकी चंद्रशेखर होनहागा ने की. बैठक में जिला परिषद सदस्य, वार्ड सदस्य और कई ग्रामीण मौजूद रहे. पंचायत सचिव को विकास योजनाओं की जांच कर धरातल पर लाने के निर्देश दिए गए. साथ ही अगली बैठक में पुरुषों की 70 प्रतिशत और महिलाओं की 30 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है.

