खूंटी: रांची यूनिवर्सिटी के अंतर्गत प्रस्तावित महिला महाविद्यालय के निर्माण कार्य का सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद शिलान्यास कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई. प्रस्तावित महिला महाविद्यालय का निर्माण एसडीए मिशन स्कूल के पीछे हाताटांड़ क्षेत्र में 5 एकड़ भूमि पर लगभग 58 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना है.

शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा, खूंटी के सांसद प्रतिनिधि नईमुद्दीन खान समेत बड़ी संख्या में बिरसा कॉलेज की छात्राएं मौके पर उपस्थित थीं. शिलान्यास कार्यक्रम के विरोध में आसपास के ग्रामीण अपने- अपने जमीन से संबंधित कागजात लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे और भूमि को लेकर आपत्ति जताई.
इस दौरान खूंटी जिला प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों और कुछ स्थानीय नेताओं के बीच निर्माण कार्य को लेकर जमकर बहस और विवाद हुआ. काफी देर तक चले विवाद के बाद स्थिति को देखते हुए बिना शिलान्यास किए ही विधायक और सांसद प्रतिनिधि को कार्यक्रम स्थल से वापस लौटना पड़ा. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

