खूंटी: जिले में चर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में शूटर समेत 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बुधवार को पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दानियल संगा, सुमित दगल सांड, मार्कुस संगा, रोशन मिचयाड़ी, संदीप खलको और संतोष दगल शामिल हैं. इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमा मुंडा की हत्या जमीन विवाद को लेकर की गई थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, कारतूस और वाहन समेत अन्य सामान बरामद किए हैं.
गौरतलब है कि सोमा मुंडा की हत्या के बाद पूरे राज्य में आदिवासी समुदाय के बीच आक्रोश देखा गया था. विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे. मामले को लेकर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी व्यापक प्रतिक्रिया सामने आई थी.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को खूंटी की सड़कों पर पैदल मार्च कराया. पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा कायम करना है.
एसपी मनीष टोप्पो ने कहा कि इस मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है और साजिश में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

