खूंटी: पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली गई है. खूंटी पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में फैली दहशत के बीच लोगों को बड़ी राहत मिली है.

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जमीन विवाद को लेकर सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची गई थी. इस हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और लगातार छापेमारी के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में बाहा मुंडा, देवा पाहन, अनिश मुंडा, रविया पाहन, रमेश्वर संगा, पंकज कुमार शर्मा और देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं. पुलिस के अनुसार इनमें से एक आरोपी का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने सोमा मुंडा हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है.
हालांकि पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस हत्याकांड में शामिल शूटर अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लेने का दावा किया गया है.
गौरतलब है कि 7 जनवरी 2026 को जमुवादाग तालाब के पास सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. अब पुलिस के इस खुलासे से मामले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है.

