खूंटी: जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पिपल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ इंडिया (PLFI) से जुड़े लेवी वसूली गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 7.65 एमएम के 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा 13 मोबाइल फोन, बैंक से जुड़े कई दस्तावेज और दो कार भी जब्त की गई हैं.

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी तजना नदी के पास नहर किनारे इकट्ठा होकर लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण कुमार रजक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद अपराधी भागने लगे. हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अपराधियों को मौके से ही पकड़ लिया. इसके बाद पूछताछ के आधार पर कालामाटी टंगरी के पास एक एक्सयूवी-500 कार में सवार तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर जेल में बंद PLFI के सदस्यों तक पहुंचाता था. इसके बाद मोबाइल ऐप और वर्चुअल नंबर के माध्यम से व्यवसायियों से लेवी की मांग की जाती थी. लेवी नहीं देने पर फायरिंग कर डराने और संगठन के नाम से धमकी भरे पर्चे फेंकने की बात भी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध जिले में हुई कई आपराधिक घटनाओं से भी जुड़ा हुआ है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.

