खूंटी: पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अड़की प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय अड़की में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर तिरंगा यात्रा और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य नवीन रोशन टोप्पो ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि जिसके हृदय में देश के प्रति श्रद्धा और सम्मान नहीं है, वह इंसान पत्थर के समान है.

कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना तथा सभी को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ना था. लोक कला मंच खरसावां के कलाकारों ने माया बंधन और शिकारी जैसे खरसावां शैली छऊ नृत्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, आजादी और स्वतंत्रता का महत्व बताया. शिकारी नृत्य में हिरण को आज़ाद कर यह संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि सभी प्राणियों के लिए आवश्यक है.
सीआरपीएफ के जवानों, स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों और बच्चों की उपस्थिति में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा. इस अवसर पर हर घर तिरंगा की थीम पर रचित धुन के साथ विद्यालय से एक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो आसपास के गांवों से होकर विद्यालय परिसर में समाप्त हुई. बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया.

