सरायकेला/ Pramod Singh राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2025 अंतर्गत अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गांधी मेमोरियल विद्यालय, छावनी परिषद, रामगढ़ में आयोजित होगी. इस प्रतियोगिता के लिए सरायकेला- खरसावां जिले की चयनित अंडर-19 बालक और बालिका टीम को गुरुवार को जिला समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया.

यह टीम 19 से 21 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी. जिला शिक्षा विभाग के एपीएओ प्रमोद जयसवाल और एडीपीओ आशा लकड़ा ने खिलाड़ियों को रवाना किया. एपीएओ प्रमोद जयसवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम मजबूत है और उम्मीद है कि बच्चे रामगढ़ में बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल करेंगे.
इस अवसर पर एपीओ प्रमोद जयसवाल, एडीपीओ आशा लकड़ा, एपीओ मनोज कुमार और एसीपीओ अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

