खरसावां: आगामी शहीद दिवस की तैयारी को लेकर व्यापक स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई की अध्यक्षता में शनिवार को शहीद पार्क में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारी और शहीद स्मारक समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान आगामी एक जनवरी को आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित कई वीआईपी और वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम करने का निर्देश दिया गया.
भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी प्रशासन को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
गौरतलब है कि खरसावां की धरती आज़ाद भारत के अब तक के सबसे बड़े नरसंहार की साक्षी रही है. सरायकेला को उड़ीसा से अलग करने की मांग को लेकर खरसावां के मैदान में जुटे आदिवासियों पर तत्कालीन उड़ीसा सरकार द्वारा अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं. इस गोलीकांड में अनेकों आदिवासियों की जान गई थी, लेकिन आज़ादी के साढ़े सात दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उस नरसंहार में कितने लोग शहीद हुए थे. यह घटना आज भी आदिवासी समाज के इतिहास का एक गहरा और अनसुलझा घाव बनी हुई है.
हर वर्ष एक जनवरी को खरसावां शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है.
इस अवसर पर झारखंड के कोने- कोने से ही नहीं, बल्कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग खरसावां पहुंचते हैं. लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नए वर्ष की शुरुआत करते हैं और शहीदों के बलिदान को याद करते हैं.
प्रशासन और शहीद स्मारक समिति इस वर्ष के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में जुटी हुई है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
