खरसावां: थाना क्षेत्र अंतर्गत संतारी गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान मनोज चौहान (उम्र लगभग 30 वर्ष) पिता भवानी चौहान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात मनोज चौहान ने अपने घर में गमछा का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली.

घटना की सूचना मिलने पर बुधवार तड़के खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तथा डेड बॉडी चालान तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.
बताया जाता है कि मृतक विवाहित था. वह आदित्यपुर के किसी कंपनी मे काम करता था. पत्नी और 11 वर्षीय पुत्र अशु चौहान के साथ आदित्यपुर के आशियाना में किराए के मकान में रहता था. लगभग 45 दिनों पूर्व किसी कारण से उसे नौकरी से निकाल दिया गया. इसके बाद परेशान रहता था. इधर एक सप्ताह पहले उसके पत्नी एवं बच्चे भी उसे छोड़कर मायके गम्हरिया चले गए. इसके बाद वह काफी तनाव में था और अपने गांव खरसावां के संतारी में रहने लगा था. गांव में उसके बुजुर्ग माता- पिता रहते हैं.

