खरसावां: सरायकेला- खरसावां मुख्य मार्ग पर स्थित बुरुडीह गांव में बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है. ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे श्री सीमेंट प्लांट से निकल रही एक भारी मालवाहक ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल टूट गया, जिससे गांव में अंधेरा छा गया.

घटना के तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है, जिससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को श्रीसीमेंट प्लांट परिसर पहुंचकर कंपनी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि यदि समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम करेंगे.

ग्रामीणों का कहना है कि बुरुडीह गांव के दो सौ से अधिक घर अंधेरे में डूबे हुए हैं. इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं.

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने भी कंपनी पर मनमानी का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि श्रीसीमेंट कंपनी की गाड़ियां अक्सर सड़क जाम कर देती हैं और जमकर प्रदूषण भी फैलाती हैं. उन्होंने बिजली बहाली में हो रही लापरवाही पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.

