खरसावां: रामगढ़ स्थित शिव मंदिर परिसर में सावन माह की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ, खरसावां की ओर से भव्य शिव भजन संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान शिव की महिमा अनंत है और भोलेनाथ की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे. उनके आशीर्वाद से समाज कल्याण के कार्य होते रहें, यही कामना है.

शिव भजन संध्या में जमशेदपुर और ओड़िशा से आए कलाकारों ने भगवान शिव की महिमा पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी. भजन की शुरुआत भगवान गणेश और शिव की आराधना से की गई. भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए.
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. इस आयोजन में समिति के सदस्य शंभू मंडल, सोनू रविदास, रासबिहारी मंडल, कृष्ण माझी, सत्यवान मंडल, हेमंत मंडल, ललिन मंडल, मान सिंह, धर्मपद मंडल, महेश्वर मंडल, राजू मंडल, रंजीत मंडल, गणेश मंडल, पिंकी मंडल, संजीत मंडल, मिली मंडल, रीना मंडल, टिकना मंडल, मांगू सिजुई, मीनाक्षी महतो, लक्ष्मण महतो, अनिल नायक, शेखर कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.

