खरसावां: आदिवासी समाज के महान नेता स्वर्गीय सागु सामाड की जयंती रविवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन पथ निरीक्षण विभाग भवन में किया गया. शुरुआत सागु सामाड जी की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई. उपस्थित सभी अतिथियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

इस मौके पर उनके समाज सेवा और संगठन निर्माण में दिए योगदानों को याद किया गया. आदिवासी हो समाज युवा महासभा, सरायकेला- खरसावां के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिजुई ने उनके शैक्षणिक और सामाजिक प्रयासों को प्रेरणादायक बताया. कार्यक्रम में आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई. महासभा के उपाध्यक्ष सुखराम सोय ने बताया कि इस दिन खरसावां में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और अधिकारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा. कार्यक्रम में महासभा के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे. जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिजुई, उपाध्यक्ष सुखराम सोय, अनुमंडल अध्यक्ष गोबिन हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष टाटा चातर, सचिव बेलमती होनहागा समेत कई सदस्य शामिल हुए.
सक्रिय सदस्य अमिषा गागराई, दीपक बोइपाई, राजेश उरांव, सुखलाल मुंडा, दुर्गा सिजुई और विशु रघु भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे. सभी ने संकल्प लिया कि सागु सामाड जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज की एकता और जागरूकता के लिए कार्य करते रहेंगे.

