खरसावां: लगातार मूसलाधार बारिश से खरसावां अंचल क्षेत्र के कई गांवों में लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं. इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा अंचल कार्यालय में मुआवजे के लिए आवेदन दिया गया है.

खरसावां अंचल अधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि सहायक अभियंता या कनीय अभियंता के माध्यम से इन आवेदनों का मूल्यांकन व सत्यापन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं ताकि समय पर मुआवजा की प्रक्रिया पूरी कर भूमि सुधार उप समाहर्ता, सरायकेला को भेजा जा सके. प्राप्त आवेदनों में बोरडा गांव के सागर हेम्ब्रम, तेलीसाई गांव के सोमय तियु और वरुण पड़िहारी, देहुरीडीह गांव की सीनी कुई और शिवरात्रि राम, वैधनाथपुर गांव के सालुका जामुदा, पदमपुर के जयनंदन नापित, बेहरासाई गांव के अतुल पुष्टि और शिव कुमार नापित के मकान अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए हैं. अंचल अधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से शीघ्र मूल्यांकन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है ताकि प्राकृतिक आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जा सके.

