खरसावां: राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज विवाद में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. छात्रों को ढाल बनाकर प्रचार्य उमेश कुमार के खिलाफ कॉलेज के शिक्षक उत्तम कुमार द्वारा साजिश रचने की बात सामने आई है. ऑडियो वायरल होने के बाद कॉलेज में मचे घमासान का सच उजागर हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक उत्तम कुमार ने बच्चों को आंतरिक परीक्षा से गैरहाजिर कर intentionally फेल करवाया और फिर प्रचार्य पर फेल कराने का आरोप लगाकर छात्रों को उनके खिलाफ खड़ा किया. कई छात्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आंतरिक परीक्षा में नंबर नहीं देने वाले वही शिक्षक थे, जिन्होंने प्रचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई.
सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी (एसडीओ) निवेदिता नियति जब जांच के लिए कॉलेज पहुंचीं, तो शिकायत करनेवाले बच्चे वहां मौजूद नहीं थे. फिलहाल एसडीओ बच्चों से संपर्क कर रही हैं, लेकिन कोई सामने नहीं आ रहा है.
बताया जाता है कि उत्तम कुमार इसीसी संकाय के एचओडी हैं और पिछले 20 वर्षों से कॉलेज में अस्थायी फैकल्टी के तौर पर कार्यरत हैं. प्रचार्य उमेश कुमार के योगदान के बाद इन्हें क्लास लेना अनिवार्य किया गया और लैब संचालन व शैक्षणिक अनुशासन पर भी जोर दिया गया. तभी से इनके द्वारा प्रचार्य के खिलाफ साजिश रचे जाने की बातें सामने आ रही हैं. फिलहाल शिक्षक उत्तम कुमार पर विभागीय जांच का दायरा सख्त किया जा रहा है.

