सरायकेला/ Pramod Singh जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर गुरुवार की देर रात एंटी- क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान का नेतृत्व खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने किया. अभियान आमदा रोड क्षेत्र में संचालित किया गया, जिसमें कुल 80 वाहनों की गहनता से जांच की गई.

हालांकि पुलिस को इस जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला. लेकिन यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुछ बाइक सवारों को फटकार लगाई गई और चेतावनी देकर छोड़ा गया. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाया गया है, जो आगे भी जारी रहेगा.
उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. सभी दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सख्त सलाह दी गई है, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और जीवन सुरक्षित रहे. इस वाहन चेकिंग अभियान में थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया.

