सरायकेला/ Pramod Singh आगामी रामनवमी, सरहुल और ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को खरसावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और शांति समिति के सदस्यों के साथ विचार- विमर्श कर पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.


बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी थाना प्रभारी समीर कुमार सवैया ने की. बैठक में त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. प्रशासन की ओर से कहा गया कि सभी समुदायों के लोग आपसी समन्वय और सहयोग के साथ पर्व मनाएं, ताकि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बना रहे. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने कहा कि रामनवमी, सरहुल और ईद जैसे पर्व हमारी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विविधता के प्रतीक हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
वहीं थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर भाईचारे के साथ पर्व मनाएं. बैठक में मुखिया, ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

