खरसावां: आमदा निर्मला स्वास्थ्य केंद्र द्वारा ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रविवार को एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया.

शिविर का उद्घाटन केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. थोमस अलाप्पत द्वारा किया गया. उन्होंने कहा कि दूर- दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस प्रकार के शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होंगे. उन्होंने उपस्थित लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहने और स्वच्छता का ध्यान रखने का आग्रह किया.
इस शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच (ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन आदि), महिला स्वास्थ्य परामर्श और जांच, बच्चों का टीकाकरण और पोषण परामर्श, त्वचा रोग, श्वसन रोग और अन्य सामान्य रोगों की पहचान, दवाओं का निःशुल्क वितरण और रोगों से बचाव तथा प्राथमिक उपचार पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
निर्मला स्वास्थ्य केंद्र आमदा के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों की टीम ने पूरे दिन लोगों की जांच की. शिविर में लगभग 150 से 200 लोग शामिल हुए, जिसमें महिलाओं और बच्चों की संख्या विशेष रूप से अधिक थी. स्थानीय निवासी जयमती बोइपाई ने कहा, “हमारे गांव में इतनी अच्छी चिकित्सा सेवा पहले कभी नहीं मिली. दवाइयां और जांच दोनों निःशुल्क मिलना एक बड़ी राहत है.” वहीं श्रीमती बसंती होनहागा ने कहा कि बच्चों के लिए पोषण और टीकाकरण की जानकारी मिलने से उन्हें काफी मदद मिली.
स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने स्वच्छता, पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और रोगों से बचाव के उपायों पर भी लोगों को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है.
निर्मला स्वास्थ्य केंद्र आमदा की टीम ने सभी सहयोगियों, डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और क्षेत्रीय लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया और आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे. इस अवसर पर डॉ. थोमस अलाप्पत, डॉ. गौरव पटोडिया, डॉ. खिरोद प्रसाद ओझा, सि. लैला एलियास, सि. ग्लोरिया एक्का, सि. मक्सिमा तिर्की, सि. सूचि, ज्योति बोइपाई, सि. मिक्की, जुवेल कुजूर, मनोज कुमार राय, प्रधान मुन्डरी सहित कई सदस्य उपस्थित थे.

