सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा के खरसावां विधायक दशरथ गगराई का एक म्यूजिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक काला गॉगल्स लगाए खुली जीप में एंट्री करते दिखाई देते हैं, जिसके बाद एक महिला कलाकार के साथ ‘चढ़ाओ जान नशा, धीरे-धीरे प्यार आगे बढ़ाओ जान’ गाने पर डांस करते नजर आते हैं.

यह वीडियो ‘राहुल गागराई सुरसंगोम’ नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है. वीडियो में सानिया प्रसाद और विधायक दशरथ गागराई मसाला शैली के गाने पर परफॉर्म करते दिख रहे हैं. गाने की प्रस्तुति हिंदी और भोजपुरी फिल्मों की तर्ज पर झारखंडी भाषा में की गई है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. सवाल केवल एक जनप्रतिनिधि के म्यूजिक वीडियो में अभिनय करने पर नहीं, बल्कि गाने की थीम और प्रस्तुति पर उठ रहे हैं.
आलोचकों का कहना है कि जिस पार्टी के संस्थापक शिबू सोरेन ने नशामुक्त समाज के लिए लंबा आंदोलन किया, उसी पार्टी के एक विधायक का ‘नशा’ थीम वाले गीत में अभिनय करना विरोधाभासी संदेश दे सकता है.
हालांकि, समर्थकों का तर्क है कि यह एक सांस्कृतिक और मनोरंजनात्मक प्रस्तुति है, जिसे राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए. फिलहाल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और इस पर विधायक की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.
आप भी देखिए video

