खरसावां: थाना अंतर्गत सरायकेला- खरसावां मुख्य मार्ग पर असुरा (बुरूडीह) में शनिवार रात एक दवा डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान में आग लग गई.

दुकान में रखी अलग- अलग किस्म की दवाओं के साथ कुलर, फ्रीज, टैब, टीवी और फर्नीचर समेत सब कुछ जलकर राख हो गया. आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. अनुमान है कि इस हादसे में करीब 20 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अल्कोहल युक्त दवाओं में आग लगने से जोरदार धमाका हुआ. इस धमाके से दुकान की एस्बेस्टस की छत टूटकर गिर गई. रविवार सुबह लोगों ने दुकान मालिक को आग की सूचना दी. मालिक बलराम दास जब तक जमशेदपुर से बुरूडीह लौटे, तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी. घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

