सरायकेला/ Pramod Singh आगामी रामनवमी, सरहुल और ईद पर्व को लेकर गुरुवार को आमदा ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने की.

बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इस दौरान आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के प्रतीक हैं. उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मिलजुल कर त्योहार मनाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और सद्भाव का माहौल बना रहे.
बैठक के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को डायन प्रथा उन्मूलन, सड़क सुरक्षा और साइबर क्राइम से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी. साथ ही गुड सेमेरिटन कानून के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले व्यक्तियों के अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया.
ओपी प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सभी लोग मिलकर क्षेत्र में शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व-त्योहार मनाएंगे.

