सरायकेला/ Pramod Singh खरसावां विधानसभा क्षेत्र के गम्हारिया प्रखंड अंतर्गत बालिपोसी गांव में मुस्कान स्पोटिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन किया गया. प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला.

फाइनल मुकाबले में राज स्पोटिंग की टीम ने साहिल एफसी को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया.

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विजेता टीम राज स्पोटिंग को 55 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. वहीं उपविजेता साहिल एफसी की टीम को 40 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई.
तीसरे और चौथे स्थान पर रही बेड मंकी क्लब तथा गोलु स्पोटिंग क्लब को 20-20 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया. इसके अलावा पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को भी 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई.
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है उन्हें बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराने की. उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से भी युवा अपना उज्ज्वल भविष्य और करियर बना सकते हैं. प्रतियोगिता से पहले विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया.
कार्यक्रम में प्रकाश महतो, विजय महतो, मनसा टुडू, रामू त्रिपाठी, मो हुसैन, मो बासिर, मो खालिद, मो रिज्जु समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे. आयोजन को सफल बनाने में मुस्कान स्पोटिंग क्लब के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.

