देवघर: जिले के मधुपुर स्थित भारत के एकमात्र सांख्य- योग साधना पर आधारित विश्व प्रसिद्ध कापिल मठ में वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया. 52 बीघा क्षेत्र में स्थित इस प्राचीन मठ में पारंपरिक सामूहिक पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए.

सांख्य- योग तपस्थली की गुफा में साधनारत सद्गुरु योगाचार्य स्वामी भाष्कर आरण्य ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए और शिष्यों के साथ सामूहिक पाठ में भाग लिया. “ॐ आदि विदुषे कपिलाय नमः” के मंत्रोच्चार से पूरा मठ परिसर गुंजायमान रहा.
वार्षिकोत्सव के दौरान बिना किसी भेदभाव के हजारों श्रद्धालुओं को खिचड़ी, सब्जी और बुंदिया का प्रसाद वितरित किया गया. मौके पर प्रशासनिक पदाधिकारी और समाजसेवी भी उपस्थित हुए और समाधि दर्शन कर नमन किया.
उल्लेखनीय है कि कापिल मठ की स्थापना वर्ष 1926 में योगाचार्य स्वामी हरिहरानंद आरण्य ने की थी. वर्तमान में सद्गुरु स्वामी भाष्कर आरण्य द्वारा सांख्य- योग की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है.

