चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र के लोग इन दिनों बदहाल सड़कों और जलजमाव से बेहद परेशान हैं. बारिश के बाद कीचड़ से भरी सड़कें और पानी से भरे रास्ते आम लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है.

कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष शानूर रहमान उर्फ एसपी भाई ने इस विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि कपाली के कई वार्डों की हालत बेहद चिंताजनक है. जगह-जगह जलजमाव और गड्ढों से लोगों का आना-जाना दुश्वार हो गया है. प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए. स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार शिकायत देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. जनता की मांग है कि कपाली की सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए. जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए. बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया जाए. कांग्रेस नगर अध्यक्ष शानूर रहमान ने कहा कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है. कपाली की जनता अब और चुप नहीं बैठेगी. यह आवाज अब पूरे क्षेत्र की मांग बन चुकी है.

