चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है. एक तरफ लगातार बारिश से कपाली की सड़कों और गलियों में पानी- पानी की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर अब सरकारी सप्लाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है.

मिली जानकारी के अनुसार कपाली नगर परिषद क्षेत्र के गौसनगर के दानीश लाइन में पानी की सप्लाई लाइन से जुड़ा पाइपलाइन कनेक्शन कई दिनों से टूटा पड़ा है. इसके कारण रोजाना हजारों लीटर पानी जर्जर सड़क पर बह रहा है. इससे जहां पानी की भारी बर्बादी हो रही है, वहीं टूटी-फूटी सड़क और भी खतरनाक होती जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन आज तक किसी भी तरह की मरम्मत नहीं की गई. सड़क पर बहते पानी से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय मोहम्मद जुम्मन ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में पानी यूं ही क्यों बहने दिया जा रहा है. आखिर कब तक लोगों को ऐसी स्थिति झेलनी पड़ेगी. लोगों ने नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि सप्लाई पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकी जा सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके.

