चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से सरकारी जलापूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.

पानी की किल्लत के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कई मोहल्लों में स्थिति इतनी गंभीर है कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. इस संबंध में स्थानीय निवासी मोहम्मद हबीब ने बताया कि कपाली में पानी की समस्या कोई नई बात नहीं है.
उन्होंने कहा कि यह समस्या अब अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी बन चुकी है. जलापूर्ति नियमित रूप से बाधित रहती है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. मजबूरी में लोग निजी बोरिंग, टैंकर या दूर- दराज के इलाकों से पानी लाने को विवश हैं. इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.
क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द से जल्द सरकारी जलापूर्ति बहाल करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

