कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत शाही कॉलोनी गौसनगर में सरकारी पानी सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. कॉलोनी में पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन पिछले कई महीनों से टूटी हुई है, जिससे कीमती पानी लगातार बर्बाद हो रहा है.

स्थानीय लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. महिलाएं दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं, जबकि बुजुर्ग और बच्चे पानी की कमी से सबसे अधिक प्रभावित हैं.
स्थानीय महिला गुड़िया प्रवीण ने बताया कि उन्होंने कई बार कपाली नगर परिषद और संबंधित विभाग को इसकी शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार ‘हर घर जल’ जैसी योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर उन्हें बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि जल्द से जल्द टूटी पाइपलाइन को ठीक कराया जाए और पानी संकट से राहत दिलाई जाए.

